छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया. घटना करतला थाना क्षेत्र की है. रविवार दोपहर हुई इस घटना के बाद युवक को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी वहां पहुंची.

पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है. वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं. बताया गया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था. वह गांव के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ते-चढ़ते उसके ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया.

पत्नी और बच्चों ने नीचे से समझाया

युवक की पत्नी, बच्चों और ग्रामीणों ने नीचे से उसे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह तत्काल नीचे आने को तैयार नहीं हुआ. वह कभी टॉवर के ऊपर जाता और कभी कुछ नीचे आता रहा. उससे टॉवर पर चढ़ने की वजह पूछी गई, लेकिन उसने कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया.

हाईटेंशन लाइन में करंट होने के कारण मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन ने सावधानी के साथ उससे बातचीत शुरू की. करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालात को देखते हुए तहसीलदार को भी बुलाया गया.

छह घंटे बाद नीचे उतरा

पुलिस और तहसीलदार ने करीब छह घंटे तक युवक को समझाया. इसके बाद वह नीचे उतरने के लिए राजी हुआ और सुरक्षित जमीन पर आ गया. उसके नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली.

थाना प्रभारी गणेश यादव के अनुसार, युवक के नशे में होने की बात सामने आई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने टॉवर पर चढ़ने का कदम क्यों उठाया.