छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जेंजरा बाईपास के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला. घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है.
मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है. पुलिस को उसकी जेब से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिलने की जानकारी है. नोट में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से लिए गए करीब 50 लाख रुपये, कर्ज और लेनदारों के दबाव का उल्लेख होने की बात सामने आई है.
सुसाइड नोट में क्या लिखा होने की बात
पुलिस के अनुसार, नोट में लिखा है कि शिवचरण ने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए थे. इस पूरे मामले में एक बिचौलिए की भूमिका होने का भी उल्लेख है. बताया गया है कि कोरोना काल में बिचौलिए की मौत के बाद रकम फंस गई और शिवचरण पर कर्ज बढ़ता गया. नोट में लगातार दबाव, मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानी का जिक्र होने की बात कही गई है.
नोट में कुछ लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का हिसाब होने की चर्चा है. हालांकि, इन आरोपों और नोट में लिखी बातों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस कथित मूल कॉपी और उसमें दर्ज विवरण की जांच कर रही है.
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि युवक का शव जेंजरा बाईपास के पास मिला है और उसके पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नोट की जांच के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी.
स्थानीय जानकारी के अनुसार, शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल शुरू किया था, लेकिन स्कूल नहीं चल सका और उसे बंद करना पड़ा. इसके बाद वह आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहा था.
