कोरबा जिले के कोरबी हाट बाजार में कोरबा चौकी पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी. अभियान का नेतृत्व चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने किया. पुलिस टीम ने लोगों से फर्जी कॉल और डराने वाले संदेशों की सत्यता जांचे बिना उन पर भरोसा नहीं करने की अपील की.
पुलिस के अनुसार, ठग कई बार खुद को पुलिस अधिकारी, बैंक कर्मचारी या सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं. इसके अलावा लालच देने वाले संदेश, सोशल मीडिया पर भेजे गए फर्जी मैसेज और अन्य तरीकों से लोगों को झांसे में लेने की कोशिश की जाती है.
जागरूकता अभियान के दौरान पोस्टर के माध्यम से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की जानकारी दी गई. ग्रामीणों को फर्जी APK फाइल, संदिग्ध वेबसाइट और अज्ञात लिंक डाउनलोड या क्लिक नहीं करने के साथ ही ऐसे संदेशों को आगे फॉरवर्ड नहीं करने की सलाह दी गई.
पुलिस ने कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर किसी के साथ OTP, UPI PIN, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए. किसी तरह की ऑनलाइन ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट करने को कहा गया. अभियान में आरक्षक संजय साहू और परमानंद दिवाकर ने भी सहयोग किया.
