छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अमानक खाद की आपूर्ति के मामले में पुलिस ने निजी कंपनी के प्रतिनिधि और सेल्स मैनेजर मनीष त्रिपाठी (44) को मध्य प्रदेश के मऊगंज से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी को 24 अक्टूबर 2026 को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
यह मामला वर्ष 2025 के खरीफ सीजन में खाद की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों से जुड़ा है. जांच में छिंदडांड़ स्थित शासकीय गोदाम से चिरमिरी समिति भेजी गई खाद की 600 बोरियां अमानक पाई गईं. प्रत्येक बोरी का वजन 50 किलोग्राम था. पुलिस ने खाद की कुल कीमत 7 लाख 80 हजार रुपये बताई है.
जांच के दौरान मनीष त्रिपाठी की भूमिका सामने आने के बाद बैकुंठपुर थाने में अपराध क्रमांक 401/2025 दर्ज किया गया. मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत दर्ज है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस ने विशेष टीम बनाई थी. पुलिस के मुताबिक, निरीक्षक दिनेश कुमार चंद्रा और निरीक्षक अमोल खलखो के नेतृत्व में टीम ने मऊगंज थाना क्षेत्र में दबिश दी. कार्रवाई में उपनिरीक्षक लवांग सिंह और आरक्षक रोशन इक्का भी शामिल रहे. मामले की विवेचना जारी है.
