कोरिया जिले के युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा. भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ना और उनके विचारों, नवाचार तथा नेतृत्व क्षमता को पहचान दिलाना है.

इस अभियान में भाग लेने के लिए माय भारत पोर्टल पर विशेष क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई है. इसमें शामिल होने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है. क्विज के बाद चयन प्रक्रिया जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ेगी. प्रत्येक चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बड़े मंच पर अपने विचार रखने का अवसर दिया जाएगा.

इन विषयों पर मांगे जाएंगे सुझाव

डायलॉग के तहत शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक और पर्यावरण जैसे विषयों पर युवाओं के सुझावों को प्रोत्साहित किया जाएगा. पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल श्रोता या सहभागी तक सीमित रखने के बजाय नीति निर्माण और राष्ट्र विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है.

कोरिया जिले में अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गतिविधियां चलाई जा रही हैं. मेरा युवा भारत संगठन ने पात्र युवाओं, महाविद्यालयों और युवा संगठनों से 30 सितंबर से पहले क्विज में भाग लेने की अपील की है.