छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर स्कूल के सफाई कर्मचारी से करीब 14 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांस्टेबल, उसकी पत्नी, भाजपा नेता, एक अधिवक्ता और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है. मामला कोतवाली बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है.

आमापारा स्कूल में पदस्थ संतोष कुमार सारथी ने कोरिया एसपी को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत के अनुसार, 2024 में छात्रावास अधीक्षक पद की भर्ती का विज्ञापन जारी होने के दौरान कांस्टेबल राजकुमार लकड़ा की पत्नी अनुराधा भगत ने उसे नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और 15 लाख रुपये की मांग की.

संतोष का आरोप है कि परीक्षा से पहले उससे किश्तों में 12 लाख 30 हजार रुपये नकद लिए गए. इसके अलावा अलग-अलग खातों में भी रकम ट्रांसफर कराई गई. ग्राहक सेवा केंद्रों के जरिए कांस्टेबल के खाते में 40 हजार, अनुराधा के पिता जोखनलाल के खाते में 20 हजार, रायपुर निवासी भाजपा नेता डॉ. प्रकाश अनंत के खाते में 40 हजार और अधिवक्ता आशीष तिवारी को 14 हजार रुपये भेजे गए. शिकायत में फोन-पे के जरिए रकम भेजने का भी उल्लेख है.

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 5 जनवरी 2025 को कटघोरा के एक होटल में उसकी मुलाकात डॉ. प्रकाश अनंत से कराई गई थी. आरोप है कि भर्ती परीक्षा का परिणाम आने पर नाम सूची में नहीं होने के बावजूद उसे तीसरी सूची में नियुक्ति का भरोसा दिया जाता रहा.

संतोष ने पैसे वापस मांगे तो उसे फर्जी केस में फंसाने और हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया. कोरिया एसपी की जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अनुराधा भगत, राजकुमार लकड़ा, डॉ. प्रकाश अनंत, अधिवक्ता आशीष तिवारी और जोखनलाल के खिलाफ BNS की धाराओं 318(4), 351(3), 61(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी.