छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पिकअप वाहन और ऑटो की टक्कर में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हैं. हादसा पटना थाना क्षेत्र के सांवारावा गांव के पास हुआ.

जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे. सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे. इसी दौरान सांवारावा के पास पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी.

हादसे के बाद घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान फुलकुंवर, पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई, पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर, पति जगजीवन (60) के रूप में हुई है. तीनों करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं.

छह घायल महिलाओं का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है. घटना की सूचना मिलने पर पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश कर रही है.