छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विट्ठल ग्रीन्स में कार्रवाई की है. एजेंसी ने यहां 355 प्लॉटों पर कब्जा लिया. इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 61 करोड़ रुपये बताई गई है.
ED की टीम शनिवार दोपहर करीब 3 बजे प्रोजेक्ट परिसर में पहुंची. कार्रवाई के बाद कॉलोनी के मुख्य गेट पर नोटिस चस्पा किया गया और कब्जे में ली गई संपत्तियों का विवरण वाला बोर्ड लगाया गया. ये प्लॉट पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े बताए जा रहे हैं.
385 में से 355 प्लॉटों पर कार्रवाई
मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, विट्ठल ग्रीन्स में कुल 385 प्लॉट हैं. इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से अलग रखा गया. कब्जे में लिए गए 355 प्लॉटों में एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है.
ED इस कार्रवाई को छत्तीसगढ़ में 2,883 करोड़ रुपये से अधिक के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा बता रही है. एजेंसी का आरोप है कि घोटाले से हासिल कथित अवैध रकम का इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने में किया गया. जांच में 2019 से 2023 के बीच की अवधि को देखा जा रहा है.
भूपेश बघेल ने उठाए सवाल
कार्रवाई के बाद भूपेश बघेल ने ED पर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि संपत्तियों को सीज करने के संबंध में अदालत पहले ही निर्देश दे चुकी है और इस आदेश के खिलाफ ट्रिब्यूनल में अपील की गई है. बघेल के मुताबिक, सुनवाई से पहले जल्दबाजी में कार्रवाई की गई.
ED के आरोपों और संपत्तियों से जुड़े विवाद पर अंतिम फैसला अदालत में होना बाकी है.
