छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विट्ठल ग्रीन्स के 355 प्लॉटों पर कब्जा लिया है. इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 61 करोड़ रुपये बताई गई है. एजेंसी के अनुसार, ये प्लॉट पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े हैं.

ED की टीम शनिवार दोपहर करीब 3 बजे विट्ठल ग्रीन्स पहुंची. कार्रवाई के बाद कॉलोनी के मुख्य गेट पर नोटिस चस्पा किया गया और कब्जे में लिए गए प्लॉटों का विवरण वाला बोर्ड लगाया गया.

385 में से 355 प्लॉटों पर कार्रवाई

मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक, प्रोजेक्ट में कुल 385 प्लॉट हैं. इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके थे, इसलिए उन्हें कार्रवाई से अलग रखा गया. कब्जे में लिए गए 355 प्लॉटों में एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है.

जांच एजेंसी का आरोप है कि 2019 से 2023 के बीच हुए कथित शराब घोटाले से हासिल अवैध रकम का इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने में किया गया. ED के अनुसार, यह मामला 2,883 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले से जुड़ा है. यह अवधि छत्तीसगढ़ में पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की थी.

भूपेश बघेल ने कार्रवाई पर सवाल उठाए

कार्रवाई के बाद भूपेश बघेल ने ED पर सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी खबरों में बने रहने के लिए ऐसा कर रही है. उन्होंने दावा किया कि अदालत संपत्तियों को सीज करने के संबंध में पहले ही निर्देश दे चुकी है और इस आदेश के खिलाफ वे ट्रिब्यूनल गए हैं, जहां अगले दिन सुनवाई होनी है.

बघेल ने ED पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश का आरोप लगाया. घोटाले और संपत्तियों से जुड़े आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना बाकी है.