दुर्ग जिले के कुम्हारी के पास परसदा खार में पक्षियों के लिए सात मंजिला बर्ड टॉवर तैयार किया गया है. करीब 10 लाख रुपए की लागत से बने इस टॉवर में 768 घोंसले हैं. यहां एक साथ लगभग 1,500 से 2,000 पक्षियों के रहने की व्यवस्था बताई गई है. इसका उद्घाटन मंगलवार को राज्यपाल रमेन डेका ने किया.
इस पहल को छत्तीसगढ़ का पहला बहुमंजिला पक्षी घर बताया जा रहा है. टॉवर का निर्माण सुल्तानियां परिवार और गौ सेवा समर्पण समिति से जुड़े लोगों ने कराया है. इसका उद्देश्य केवल पक्षियों को दाना खिलाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराना है.
बारिश में बढ़ जाती है पक्षियों की संख्या
टॉवर के निचले हिस्से में पक्षियों के लिए दाना-पानी रखा जाता है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर छोटे-छोटे घोंसले बनाए गए हैं. विश्व गीता परिवार से जुड़े सुधीर सुल्तानियां के मुताबिक, बारिश के मौसम में जब पेड़ों पर पक्षियों के लिए बसेरा करना मुश्किल होता है, तब टॉवर में उनकी संख्या बढ़ जाती है और यह लगभग भर जाता है.
सुल्तानियां के अनुसार, वन्यजीव प्रेमियों ने यहां 24 से 25 प्रजातियों के पक्षियों को देखा है. इनमें विदेशों से प्रवास करके आने वाले कुछ पक्षी भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि पक्षियों की सेवा का संकल्प उनके पिता ने लिया था और परिवार अब भी इसे आगे बढ़ा रहा है.
गौशाला में 300 गायों की व्यवस्था
विश्व गीता गौधाम परिसर में गौशाला, पक्षी घर और गौ-गोविंद मंदिर तैयार किए गए हैं. इन पर कुल करीब 8 करोड़ रुपए खर्च होने की जानकारी दी गई है. गौशाला में 300 दूध न देने वाली गायों को रखने की व्यवस्था है. समिति के 25 से 30 सदस्य पिछले 10 महीनों से शहर की गौशालाओं में रोजाना 6,000 से 10,000 रुपए की सब्जी और हरा चारा भेज रहे हैं.
