जशपुर जिले के कुनकुरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ छठ महापर्व मनाया. दोनों सुबह छठ पूजा की सामग्री और प्रसाद से सजे सूप-दउरा लेकर छठ घाट पहुंचे.
मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी जल में खड़े हुए और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की और प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की.
पूजा के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वह हर साल अपनी पत्नी के साथ छठ महापर्व मनाने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी आते हैं. उन्होंने बताया कि यहां हर साल उगते सूर्य को अर्घ्य देकर लोगों का आशीर्वाद लिया जाता है.
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस अवसर पर छठ घाट का भूमि पूजन भी किया गया. उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी के घरों में सुख-समृद्धि की कामना की.
