जशपुर जिले के कुनकुरी शहर में रविवार सुबह एक लोनर दंतैल हाथी के घुस आने से अफरातफरी मच गई. हाथी राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित इलाकों में दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.

हाथी ने होली क्रॉस अस्पताल की बाउंड्रीवाल तोड़ दी. इसके बाद वह महागिरजा घर परिसर में घूमता रहा. वन विभाग के अनुसार, हाथी चर्च, लोयला कॉलेज और अस्पताल परिसर से होते हुए वन विभाग की नर्सरी तक पहुंच गया.

कुनकुरी रेंज के रेंजर सुरेंद्र होता ने बताया कि हाथी लोटापानी के जंगल से निकलकर घुमाडांड़ के रास्ते कुनकुरी पहुंचा था. वन विभाग उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है.

विभाग ने नगरवासियों से हाथी से दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे हाथी के करीब न जाएं और उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलने पर सुरक्षित स्थान पर रहें.