धमतरी जिले के कुरुद में पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) रखने और बेचने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन, ₹8,000 नकद, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए. जब्त सामान की कुल कीमत ₹3.65 लाख बताई गई है.

पुलिस को 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि कुछ युवक इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड, कुरुद के पास हेरोइन लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं. सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किया गया.

तीनों आरोपी धमतरी जिले के निवासी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा (24), निवासी कलार पारा कुरुद; ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ (24), निवासी नयापारा धमतरी; और सूरज रजक (29), निवासी नयापारा, बजरंग चौक धमतरी के रूप में बताई है.

कुरुद थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.