छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद स्थित SDM कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन शाखा के सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है. ACB के अनुसार, आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. मामला कन्हारपुरी में एक प्लॉट के डायवर्शन से जुड़ा है.

शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि उन्होंने कन्हारपुरी स्थित प्लॉट नंबर 20/66 के डायवर्शन के लिए आवेदन किया था. उनके आरोप के मुताबिक, काम कराने के बदले SDM कार्यालय के बाबू ने पहले 40 हजार रुपए की मांग की थी. बातचीत के बाद यह रकम 20 हजार रुपए बताई गई और बाद में पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए देने को कहा गया. चंद्राकर के मुताबिक, उनसे करीब सात दिनों से पैसों की मांग की जा रही थी.

शिकायत के बाद ACB ने बनाई कार्रवाई की योजना

रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद ACB ने जांच की और कार्रवाई की योजना बनाई. ACB निरीक्षक अनिल ठाकुर के अनुसार, 1 तारीख को शिकायतकर्ता को रिकॉर्डर दिया गया था. बातचीत की रिकॉर्डिंग में आरोपी द्वारा 20 हजार रुपए मांगने की बात सामने आई. इसके बाद 5 तारीख को पहली किस्त देने की योजना बनी.

योजना के तहत ACB की टीम कुरुद SDM कार्यालय पहुंची. शिकायतकर्ता द्वारा 10 हजार रुपए दिए जाने के बाद टीम ने पुनेश्वर सूर्यवंशी को पकड़ लिया. कार्रवाई के दौरान कार्यालय के दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की गई.

ACB के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया और 15 दिन की न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया अपनाई गई. मामले में आगे की जांच जारी है. शिकायतकर्ता ने सरकारी काम के लिए रिश्वत मांगने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.