छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई स्थित नन्द घरों का भ्रमण किया. नन्द घरों को आंगनबाड़ी केंद्रों के रूप में संचालित किया जाता है. इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

मंत्री ने केंद्रों की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया. दौरे का उद्देश्य बच्चों को पोषण, सीखने और सुरक्षित बचपन का अवसर देने वाली व्यवस्थाओं को समझना तथा राज्यों के बीच अनुभव साझा करना था.

सचिवालय में गुजरात की मंत्री से मुलाकात

गांधीनगर स्थित सचिवालय में लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य भेंट की. मुलाकात के दौरान विभागीय योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई. राजवाड़े ने गुजरात में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली.

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं.

दौरे से मिले अनुभवों का उपयोग छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने और बच्चों तक पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा देखभाल से जुड़ी सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के प्रयासों में किए जाने की बात कही गई है.