छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई स्थित नंद घरों का दौरा किया. नंद घर आंगनबाड़ी केंद्रों के रूप में बच्चों और माताओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराते हैं.
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को देखा. उन्होंने नंद घरों की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. दौरे का उद्देश्य गुजरात में संचालित व्यवस्थाओं और आंगनबाड़ी सेवाओं के अनुभवों को समझना था, ताकि छत्तीसगढ़ में केंद्रों को और बेहतर बनाया जा सके.
गुजरात की मंत्री से विभागीय चर्चा
गांधीनगर स्थित सचिवालय में लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य भेंट की. दोनों राज्यों के मंत्रियों ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और उनके क्रियान्वयन पर चर्चा की.
बैठक में गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव मौजूद रहीं. छत्तीसगढ़ के सामरी की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा भी इस अवसर पर उपस्थित थीं. दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं और आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़े अनुभव साझा किए.
