मुंगेली जिले के लोरमी में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 2 हजार से अधिक वरिष्ठ पेंशनधारियों और वरिष्ठजनों का सम्मान किया. मानस मंच में आयोजित कार्यक्रम का नाम ‘स्नेह, सेवा एवं सम्मान समारोह’ रखा गया था.
समारोह के दौरान अरुण साव ने वरिष्ठजनों के पैर धोकर उनका आशीर्वाद लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और हवन-यज्ञ भी किया गया. यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुआ.
लोरमी में जलाए गए ‘आशीर्वाद के दीपक’
कार्यक्रम में अरुण साव ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की कीमती धरोहर हैं. उनके अनुभव और ज्ञान को समाज की बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना भारतीय संस्कार का हिस्सा है और उनके आशीर्वाद से समाज को प्रेरणा मिलती है.
लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में करीब सवा लाख ‘आशीर्वाद के दीपक’ जलाए गए. नगर और गांवों के सार्वजनिक स्थलों, अटल परिसर, चौक-चौराहों, मंदिरों और गुरुद्वारों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की गई.
कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी ज्योतिंदन दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अंजना दास समेत पार्टी पदाधिकारी, पार्षद, एल्डरमैन और वरिष्ठजन मौजूद रहे.
