छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में उत्तर प्रदेश के लखनऊ से लापता दो नाबालिग बच्चे सुरक्षित मिले हैं. परिजनों का आरोप है कि चार अज्ञात लोगों ने चॉकलेट और समोसे का लालच देकर दोनों बच्चों को वाहन में बैठाया और उनके साथ मारपीट की. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

परिजनों के अनुसार, लखनऊ में मजदूरी करने वाले परिवारों के दोनों बच्चे कपड़े की दुकान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उन्हें खाने-पीने की चीजों का लालच दिया गया. आरोप है कि इसके बाद दोनों को काले शीशे वाले वाहन में बैठाकर बेमेतरा की ओर ले जाया गया. यात्रा के दौरान डंडे से मारपीट किए जाने की बात भी परिजनों ने कही है.

बेमेतरा पहुंचने के बाद बच्चों ने शौचालय जाने का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया. बस स्टैंड के पास वाहन से उतरते ही दोनों भाग निकले. इनमें से एक बच्चा वार्ड नंबर पांच के मोहभाठा में रहने वाली अपनी बड़ी मां के घर पहुंचा और उसे पूरी घटना बताई. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.

बाल कल्याण समिति ने दोनों बच्चों से पूछताछ की

परिजनों का आरोप है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई. बाद में पुलिस ने दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया. समिति के अधिकारियों ने बच्चों से अलग-अलग पूछताछ कर जानकारी दर्ज की.

जांच के बाद एक बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया. दूसरे बच्चे को आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने तक कवर्धा के बाल गृह में रखा गया है. अधिकारियों के अनुसार, प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भी मां को सौंपा जाएगा.

परिजनों ने बताया कि बच्चे करीब सात दिन से लापता थे. दोनों परिवार लखनऊ में कपड़े की दुकान पर मजदूरी करते हैं. परिजनों के मुताबिक, एक बच्चे के साथ पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है.