छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित लुतरा शरीफ दरगाह में इस वर्ष सालाना उर्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा. दरगाह इंतजामिया कमेटी ने रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पांच दिवसीय कार्यक्रम की जानकारी दी. कमेटी के अनुसार, उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की मदद से तैयारियां की जा रही हैं.

उर्स के दौरान परचम कुशाई, शाही संदल-चादर, मजार-ए-पाक का गुस्ल, कुरान ख्वानी, नात-मनकबत और कुल की फातिहा जैसे कार्यक्रम होंगे. कमेटी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है. सर्वधर्म सद्भाव के तहत आगंतुकों के लिए शाकाहारी विशेष लंगर भी रखा जाएगा.

पांच दिनों का कार्यक्रम

28 सितंबर को उर्स की शुरुआत परचम कुशाई और संदल-चादर से होगी. रात 10 बजे ऑल इंडिया नातिया मुशायरा आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्थानों से नातिया शायर और कलाकार शामिल होंगे.

29 सितंबर को दिन में मजार-ए-पाक का गुस्ल और शाही संदल होगा. रात 9 बजे बाबा सरकार की शान में जलसा-ए-तकरीर रखा गया है. इसमें किछौछा शरीफ, अयोध्या से सैय्यद राशिद मक्की मियां साहब किबला की तकरीर होगी.

30 सितंबर को अम्मी जान साहिबा की संदल-चादर के बाद रात 10 बजे महफिले समा में मुंबई के मुजतबा अजीज नाजा कव्वाली पेश करेंगे. 1 अक्टूबर को रात 10 बजे उत्तर प्रदेश के बिजनौरी के रईस अनीस अंसारी कव्वाली प्रस्तुत करेंगे.

2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कुल की फातिहा और रंग की महफिल होगी. रईस अनीस साबरी साहब बिजनौरी की मौजूदगी में होने वाले समापन कार्यक्रम की सदारत सैय्यद महमूद असरफ किबला किछौछा शरीफ करेंगे.

कमेटी के मुताबिक, उर्स के सभी दिनों में दोपहर से देर रात तक दरबारी शाही लंगर चलता रहेगा. लुतरा शरीफ बिलासपुर-बलौदा मुख्य मार्ग पर स्थित है. बिलासपुर जंक्शन से इसकी दूरी करीब 30 किलोमीटर बताई गई है. रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दूरी लगभग 145 किलोमीटर है.