बिलासपुर जिले के लुतरा शरीफ में उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है. यह व्यवस्था 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे से 2 अक्टूबर शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी.
इस अवधि में बिलासपुर-सीपत-बलौदा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. यातायात पुलिस ने वाहन संचालकों से निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है.
भारी वाहनों के लिए तय वैकल्पिक मार्ग
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) रामगोपाल करियारे के अनुसार, बिलासपुर से बलौदा जाने वाले भारी वाहनों को अकलतरा होकर जाना होगा. बलौदा से बिलासपुर आने वाले वाहनों के लिए बलौदा-अकलतरा-बिलासपुर मार्ग निर्धारित किया गया है.
सीपत से बलौदा जाने वाले भारी वाहन सीपत-गतौरा-अकलतरा मार्ग से गुजरेंगे. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से रूट डायवर्जन की अवधि में मुख्य मार्ग पर जाने से बचने और निर्धारित रास्तों का पालन करने को कहा है.
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग
उर्स में आने वाले श्रद्धालुओं के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग दिशाओं से पार्किंग की व्यवस्था की गई है. बलौदा की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग दादी अम्मा के आगे मंडी में रहेगी. वहीं, सीपत की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए आदिवासी मंदिर के पास पार्किंग तय की गई है.
यातायात पुलिस के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य उर्स के दौरान मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव कम करना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित व सुगम बनाए रखना है.
