महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है. एजेंसी के अनुसार, ये कार्रवाई ऐप के पैनल संचालकों से जुड़े परिसरों पर की गई. छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, अन्य डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए हैं.
CBI का कहना है कि कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें कार्रवाई के दौरान बंद कराया गया. जब्त सामग्री से कथित म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े सुराग मिलने की बात एजेंसी ने कही है.
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कार्रवाई
जांच एजेंसी के मुताबिक, छापेमारी की जानकारी महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर जुटाई गई. चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था. रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था.
पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को उसे अदालत में पेश किया गया. इसके बाद अदालत ने चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
CBI के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार से जांच हस्तांतरित होने के बाद मामले में दो FIR दर्ज की गई थीं. अब तक की जांच में एजेंसी को प्लेटफॉर्म के विदेश से संचालित होने और भारत में पैनल संचालकों के नेटवर्क के जरिये काम करने के संकेत मिले हैं. कथित तौर पर ये संचालक ग्राहकों की आईडी बनाते और दूसरे लोगों के नाम पर खोले या किराये पर लिए गए बैंक खातों में रकम जमा कराते थे.
एजेंसी फरार आरोपियों, विदेश में मौजूद लोगों और नेटवर्क की मदद करने वालों की भूमिका की जांच कर रही है. उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी होने की बात भी कही गई है. CBI ने लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने तथा बैंक खाता, सिम या पहचान दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को न देने की अपील की है.
