महादेव सट्टा मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है. एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर की गई. छापे पिछले कुछ दिनों में महादेव एप से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के परिसरों पर मारे गए.

CBI के जारी बयान के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर सट्टेबाजी के लाइव पैनल चलते मिले, जिन्हें बंद कराया गया. एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई दस्तावेज जब्त किए हैं. जांच में कथित तौर पर सट्टेबाजी से प्राप्त रकम को म्यूल अकाउंट यानी किराए के बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए स्थानांतरित करने की जानकारी सामने आई है.

पूछताछ के बाद नेटवर्क की जानकारी

CBI ने सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था. रायपुर स्थित CBI मामलों की विशेष अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था. एजेंसी के अनुसार, रिमांड के दौरान चंद्राकर से भारत में सक्रिय पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क और जांच में मिले डिजिटल साक्ष्यों के बारे में पूछताछ की गई. 12 नवंबर को अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

राज्य सरकार से मामला स्थानांतरित होने के बाद CBI ने महादेव सट्टा मामले में दो FIR दर्ज की हैं. जांच एजेंसी का कहना है कि सिंडिकेट का मुख्य संचालन विदेश से होता था और भारत में पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क इसे चलाता था. ये ऑपरेटर कथित तौर पर ग्राहकों की आईडी संभालते और दूसरे लोगों के नाम पर खुले बैंक खातों के जरिए रकम जमा कराते थे.

CBI फरार आरोपितों रवि उप्पल, शुभम सोनी और विकास छाबरिया समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. एजेंसी विदेश में मौजूद आरोपितों, उनके मददगारों और कथित रूप से संलिप्त लोक सेवकों की भूमिका भी खंगाल रही है. CBI ने लोगों को चेताया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी अवैध है और बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान पत्र किराए पर देना भी आपराधिक कार्रवाई का कारण बन सकता है.