रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में दुबई में रह रहे आरोपी अनिल अग्रवाल और विशाल आहूजा के खिलाफ प्रत्यर्पण आदेश जारी किया है. अदालत की कार्रवाई के बाद दोनों को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अदालत में प्रत्यर्पण आवेदन के साथ करीब 300 से 400 पन्नों के दस्तावेज पेश किए गए. इन दस्तावेजों में दोनों आरोपियों की कथित गतिविधियों और सट्टा एप नेटवर्क में उनकी भूमिका से जुड़े साक्ष्य शामिल होने की बात कही गई है. अदालत ने आवेदन का अवलोकन करने के बाद उस पर हस्ताक्षर किए और आगे की कार्रवाई के लिए दस्तावेज प्रवर्तन निदेशालय को सौंप दिए.

पहले जारी हुआ था गैर-जमानती वारंट

ईडी के अधिवक्ता सौरभ पांडेय के मुताबिक, दोनों आरोपियों के स्वयं भारत लौटने की संभावना नहीं दिखने पर पहले उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था. वारंट के बाद भी अदालत में उपस्थित नहीं होने पर प्रत्यर्पण आवेदन दाखिल किया गया. अब संबंधित विभागों के माध्यम से दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.

अनिल अग्रवाल और विशाल आहूजा पर क्या आरोप

जांच एजेंसी का आरोप है कि अनिल अग्रवाल महादेव एप से जुड़े अलग-अलग पैनलों की देखरेख और उनके संचालकों के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था. एजेंसी के अनुसार, उसने सट्टा कारोबार से अर्जित रकम का इस्तेमाल भारत में संपत्तियों में निवेश के लिए भी किया. उसे सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल का करीबी सहयोगी बताया गया है.

एजेंसी के मुताबिक, विशाल आहूजा ने अपने भाई धीरज आहूजा के साथ ‘रैपिड ट्रैवल्स’ नाम की कंपनी संचालित की. आरोप है कि कंपनी ने सौरभ चंद्राकर की दुबई में आयोजित भव्य शादी में सेलिब्रिटीज और अन्य मेहमानों के टिकट, होटल तथा यात्रा संबंधी व्यवस्थाएं की थीं. इन सेवाओं के बदले मिले भुगतान को ईडी अपराध से अर्जित आय मानकर जांच कर रही है.