छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में कर्तव्य भवन में हुई बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल हुए. दोनों मुख्यमंत्रियों ने महानदी से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए अपने-अपने राज्यों का पक्ष रखा.
बैठक में समाधान को दोनों राज्यों के हित में रखने पर जोर दिया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विवाद का ऐसा समाधान होना चाहिए, जिसमें दोनों राज्यों की जीत हो.
जेल से बाहर ले जाए जाने वाले बंदियों की सुरक्षा बढ़ेगी
छत्तीसगढ़ में बंदियों को अस्पताल, अदालत या अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए जेल से बाहर ले जाते समय सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश जारी किए गए हैं. जेल मुख्यालय एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने सभी जेल अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं. इसके तहत बंदी को बाहर ले जाते समय सहायक जेल अधीक्षक या किसी वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी अनिवार्य होगी.
मूर्ति खंडित होने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में सतनामी समाज के आराध्य गुरु बालक दास की मूर्ति खंडित किए जाने का मामला सामने आया. घटना से नाराज सैकड़ों महिला-पुरुष फिंगेश्वर थाने पहुंचे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में इरपानार गांव के पास बांडे नदी में दो स्कूली छात्रों के डूबने की सूचना है. बताया गया कि दोनों छात्र दोस्तों के साथ पिकनिक के लिए नदी के पास पहुंचे थे. उनकी तलाश जारी होने की जानकारी दी गई है.
बालोद जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास कथित रूप से तंत्र-मंत्र कर रहे नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी है.
