छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल बंटवारा विवाद के समाधान की दिशा में प्रगति का दावा किया गया है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, दोनों राज्यों के बीच 25 साल के जल समझौते की रूपरेखा तैयार की गई है. हालांकि, अंतिम सहमति और समझौते पर औपचारिक मुहर लगना अभी बाकी है.

केंद्रीय जल आयोग (CWC) 26 अक्टूबर तक महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण को अपनी अंतिम तकनीकी रिपोर्ट सौंप सकता है. रिपोर्ट में महानदी के कुल 46 मिलियन एकड़ फीट (MAF) पानी के बंटवारे का प्रस्ताव बताया गया है. इसके तहत ओडिशा को 24 MAF और छत्तीसगढ़ को 22 MAF पानी आवंटित करने का फॉर्मूला रखा गया है.

न्यायाधिकरण के समक्ष राज्यों ने रखा पक्ष

28 सितंबर को दोनों राज्यों ने सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बेला एम. त्रिवेदी की अध्यक्षता वाले न्यायाधिकरण के समक्ष अपने पक्ष रखे थे. इसके बाद केंद्रीय जल आयोग की ओर से तैयार की जा रही रिपोर्ट को दोनों राज्यों के हितों के बीच संतुलन बनाने वाला प्रस्ताव माना जा रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक, 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई थी. इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने-अपने राज्यों का पक्ष रखा. अगले महीने दोनों मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में फिर बैठक प्रस्तावित है, जिसमें अंतिम सहमति पर चर्चा हो सकती है.

पोलावरम के बैकवाटर पर मुआवजे की मांग

महानदी विवाद के साथ पोलावरम बांध परियोजना से जुड़े मुद्दे पर भी बातचीत आगे बढ़ने की संभावना है. छत्तीसगढ़ सरकार ने बैकवाटर के प्रभाव का तकनीकी अध्ययन IIT खड़गपुर को सौंपा था. रिपोर्ट के अनुसार, अध्ययन पूरा हो चुका है और इसमें सीमावर्ती गांवों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव की समीक्षा की गई है. इसके आधार पर छत्तीसगढ़ प्रभावित गांवों के विस्थापन, पुनर्वास और वित्तीय मुआवजे की मांग आंध्र प्रदेश के सामने रखेगा.