छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 117.15 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 58 लाख 57 हजार 500 रुपये है. मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को पकड़ा गया है.

यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की. टीम घोड़ारी नाके पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को देखकर दो वाहन कथित तौर पर तेज रफ्तार में वहां से निकलने लगे. पुलिस ने पीछा कर ग्राम मुढेना के पास दोनों वाहनों को घेरकर रोक लिया.

तलाशी के दौरान एक कार से गांजा बरामद हुआ, जबकि दूसरी कार का इस्तेमाल कथित तौर पर पायलट वाहन के रूप में किया जा रहा था. पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांजे की खेप ओडिशा से भिलाई ले जाई जा रही थी.

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में तीन राजस्थान और एक दुर्ग जिले का निवासी है. आरोपियों के कब्जे से दो कार, चार मोबाइल फोन और सोने जैसे आभूषण भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने कुल जब्ती की कीमत करीब 71 लाख 96 हजार 500 रुपये बताई है.

मामले में नारकोटिक एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. नाबालिग आरोपी के संबंध में पुलिस ने अलग से कोई विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है.