महासमुंद जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम शुरू हुआ. 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन जिले के 219 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए. केंद्रों को रंगोली, तोरण और स्थानीय सामग्री से सजाया गया था.

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने कविताएं, गिनती और एबीसीडी सुनाई. स्वस्थ बच्चों, गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और ‘महतारी वंदन योजना’ की हितग्राहियों को सम्मानित किया गया. कई केंद्रों पर सामुदायिक सहयोग से नेवता भोज भी कराया गया, जिसमें बच्चों और हितग्राहियों ने साथ बैठकर भोजन किया.

महिलाओं और बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए केंद्रों पर ‘स्वस्थ एवं पौष्टिक थाली’ और स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई. हितग्राहियों को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया.

निरीक्षण के दौरान पोषण व्यवस्था की समीक्षा

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने लभरा खुर्द स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया. कार्यकर्ता दशोदा साहू के अनुसार, केंद्र में 26 बच्चे और आठ गर्भवती महिलाएं दर्ज हैं. इनमें दो बच्चे कुपोषित बताए गए. कलेक्टर ने बच्चों की पौष्टिक थाली का निरीक्षण किया और भोजन निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

इसके बाद उन्होंने शेर दर्रीपारा आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया. वहां 32 बच्चे पंजीकृत थे, जिनमें एक बच्चा कुपोषित पाया गया. कलेक्टर ने उस बच्चे को पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश दिए.

इसी केंद्र पर स्वस्थ शिशु भाव्या धीवर और उनकी मां पूर्णिमा धीवर को बेहतर लालन-पालन के लिए सम्मानित किया गया. महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों धनिता साहू और गोदावरी साहू को भी श्रीफल भेंट किया गया.