महासमुंद जिले में बिजली विभाग के विशेष जांच अभियान के दौरान 157 उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच की गई. विभाग के अनुसार, इनमें 67 उपभोक्ता ऐसे मिले जिन्होंने कनेक्शन काटे जाने के बाद बकाया जमा किए बिना दोबारा बिजली का इस्तेमाल किया. कुछ मामलों में स्मार्ट मीटर को बायपास कर बिजली लेने की बात भी सामने आई है.

इन मामलों में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 और 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया है. बिजली विभाग के ईई पीआर वर्मा के अनुसार, कनेक्शन कटने के बाद भी बिजली इस्तेमाल करने और मीटर बायपास करने वालों की जांच आगे भी जारी रहेगी. संबंधित थानों को भी कार्रवाई के लिए सूचना दी गई है.

ब्लॉकवार कार्रवाई में सरायपाली में 27, महासमुंद में 21 और पिथौरा में 19 मामले दर्ज किए गए. विभाग के मुताबिक, सभी प्रकरण विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं.

जांच के दौरान 31 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया बिजली बिल जमा किया. इससे बिजली कंपनी को 5.98 लाख रुपये का राजस्व मिला. विभाग ने बताया कि स्मार्ट मीटर और सामान्य मीटर का कनेक्शन कटने के बाद बकाया चुकाए बिना बिजली का दोबारा इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन है.

जिले में प्रीपेड सिस्टम लागू करने की तैयारी के बीच विभाग ने बकायादारों से समाधान योजना में पंजीयन कराने की अपील की है. विभाग के अनुसार, पात्र कृषि पंप, बीपीएल और घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को बकाया बिल के अधिभार और अन्य निर्धारित शुल्कों में छूट का प्रावधान है. समय पर भुगतान करने से पात्र उपभोक्ता कानूनी कार्रवाई से बचने के साथ योजना का लाभ भी ले सकते हैं.