छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसा बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास हुआ. दुर्घटना में एंबुलेंस सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एंबुलेंस मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी. वाहन का पंजीकरण क्रमांक CG 04 NH 7746 बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला. घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया. उनका उपचार जारी है. दोनों मृत महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में सवार लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हालांकि मृतकों और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस यह जांच कर रही है कि एंबुलेंस खड़े ट्रक से किन परिस्थितियों में टकराई और हादसे की वजह क्या थी.