महासमुंद जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ाने, काम के अनुरूप सुविधाएं देने और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर तीन दिन की हड़ताल शुरू की है. छत्तीसगढ़ प्रदेश जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका कल्याण संघ के तहत यह आंदोलन 17 से 19 नवंबर तक चलेगा.

संगठन की जिलाध्यक्ष सरोज चंद्राकर, सचिव पूजारानी सलूजा, कोषाध्यक्ष रवीना साहू और विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर केंद्र संचालन के साथ कई योजनाओं और गतिविधियों की जिम्मेदारी है. इनमें बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण में सहयोग, पूरक पोषण आहार वितरण, स्वास्थ्य जांच, गर्भवती और धात्री महिलाओं का सर्वेक्षण, बच्चों का मासिक वजन तथा कुपोषण रोकने से जुड़े काम शामिल हैं.

संघ के अनुसार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या योजना और महतारी वंदन योजना के आवेदन भरने के अलावा बाल भोज, सुपोषण चौपाल, ईसीसी डे, बाल विवाह रोकथाम और जागरूकता कार्यक्रमों में भी कार्यकर्ताओं की भूमिका रहती है. उनका आरोप है कि मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल पर काम के लिए पर्याप्त तकनीकी संसाधन नहीं दिए जाते. संगठन ने बताया कि कई एप पर काम के लिए महज 167 रुपये मिलने की बात कही है.

सहायिकाओं के बारे में संघ का कहना है कि वे सुबह 9:30 से दोपहर 3:30 बजे तक बच्चों की देखभाल, भोजन तैयार करने, केंद्र की सफाई और अन्य व्यवस्थाएं संभालती हैं, लेकिन उन्हें 5,000 रुपये मानदेय मिलता है.

आंदोलन के तहत 18 नवंबर को थाली बजाकर विरोध किया जाएगा. 19 नवंबर को काला दिवस मनाते हुए काली साड़ी, काला ब्लाउज और काला चश्मा पहनकर रैली निकालने की योजना है. संघ ने मानदेय वृद्धि, तकनीकी सुविधाएं और श्रम के अनुरूप सम्मान की मांग की है.