महासमुंद में कांग्रेस ने मंगलवार को ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला. मार्च कांग्रेस भवन से शुरू होकर गांधी चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की.
अंबेडकर चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया. इसके बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया गया. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है.
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए मतदाता के अधिकार को सर्वोपरि बताया. यह कार्यक्रम कांग्रेस के 2 से 8 अक्टूबर तक चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ का हिस्सा था.
मार्च के बाद कार्यकर्ता नेहरू चौक पहुंचे, जहां ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया गया. पुलिस ने पुतला बुझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया. इसके बाद पुतला पूरी तरह जल गया. इस दौरान कुछ देर मौके पर गहमागहमी की स्थिति रही.
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, छत्तीसगढ़ कांग्रेस सह प्रभारी विजय जांगिड़, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर और देवेंद्र बहादुर सिंह समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
