महासमुंद जिले में बिजली बिल के बकायादारों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने शनिवार को मास डिस्कनेक्शन अभियान चलाया. घरेलू, गैर-घरेलू, कृषि और औद्योगिक श्रेणी के 155 से अधिक बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटे गए. अभियान के दौरान 109 उपभोक्ताओं से मौके पर कुल 17 लाख 49 हजार 507 रुपए की वसूली की गई.

यह कार्रवाई मुख्य अभियंता ए.के. लखेरा और अधीक्षण अभियंता एस.के. साहू के निर्देश पर की गई. बिजली चोरी और अवैध उपयोग के छह मामलों में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया. इन मामलों में थाने को सूचना देने और विशेष न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है.

महासमुंद और पिथौरा में कार्रवाई

महासमुंद संभाग में 144 बकायादार उपभोक्ताओं की पहचान की गई थी. इन पर कुल 79 लाख 65 हजार 44 रुपए बकाया था. इनमें से 78 कनेक्शन काटे गए, जिन पर 44 लाख 29 हजार 269 रुपए बकाया था. इस दौरान 29 उपभोक्ताओं से 7 लाख 37 हजार 557 रुपए वसूले गए और बिजली चोरी के दो मामलों में पंचनामा बनाया गया.

पिथौरा शहर वितरण केंद्र में 44 कनेक्शन काटे गए. संबंधित उपभोक्ताओं पर 15 लाख 39 हजार 159 रुपए बकाया था. कार्रवाई के बाद 14 उपभोक्ताओं ने 1 लाख 97 हजार 550 रुपए जमा किए.

सरायपाली संभाग में 33 से अधिक कनेक्शन कटे

सरायपाली संभाग के छूईपाली, पाटसेन्द्री, बलौदा, सरायपाली शहर और सरायपाली ग्रामीण वितरण केंद्रों में 33 से अधिक कनेक्शन काटे गए. यहां अभियान के दौरान 66 उपभोक्ताओं से 8 लाख 14 हजार 400 रुपए की राजस्व वसूली हुई. विद्युत अनियमितता और अवैध उपयोग के चार मामलों में धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया.

अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पात्र कृषि पंप, घरेलू और बीपीएल उपभोक्ता बकाया बिल जमा कर समाधान योजना के तहत सरचार्ज में छूट या माफी का लाभ ले सकते हैं. योजना की निर्धारित अवधि सितंबर 2026 में समाप्त हो रही है. विभाग ने बिना बकाया जमा किए या अनुमति के बिना दोबारा कनेक्शन जोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है.