महासमुंद के मेडिकल कॉलेज से संबद्ध 330 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल में पिछले करीब 20 वर्षों से गहन चिकित्सा इकाई (ICU) शुरू नहीं हो सकी है. ICU सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर या दूसरे उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जाता है.
यह अस्पताल वर्ष 2006 में 100 बिस्तरों के साथ शुरू हुआ था. वर्ष 2021 में मेडिकल कॉलेज की मान्यता मिलने के बाद इसकी क्षमता बढ़ाकर 330 बिस्तर कर दी गई. अस्पताल में महासमुंद के अलावा गरियाबंद और बलौदाबाजार के सीमावर्ती इलाकों से भी मरीज आते हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां रोजाना औसतन 550 से अधिक मरीज बाह्य रोगी विभाग में परामर्श लेते हैं.
15 वेंटिलेटर में छह खराब
कोरोना काल में अस्पताल को कुल 15 वेंटिलेटर मिले थे. इनमें छह वेंटिलेटर पीएम केयर्स फंड और नौ छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के जरिए उपलब्ध कराए गए थे. ICU वार्ड शुरू नहीं होने के कारण इन मशीनों का नियमित उपयोग नहीं हो सका. इनमें से छह वेंटिलेटर खराब हो चुके हैं, जबकि बाकी नौ मशीनें भी इस्तेमाल का इंतजार कर रही हैं.
ICU चलाने के लिए क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ, प्रशिक्षित एनेस्थेटिस्ट, चौबीसों घंटे उपलब्ध मेडिकल ऑफिसर और वेंटिलेटर संचालन में दक्ष नर्सिंग स्टाफ की जरूरत होती है. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आवश्यक मानव संसाधन और तकनीकी बजट के लिए शासन स्तर पर लगातार मांग भेजी जा रही है.
अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत महेश्वरी के अनुसार, ICU वार्ड शुरू करने की प्रक्रिया जारी है और इसे जल्द चालू किए जाने की उम्मीद है. फिलहाल गंभीर आघात, सीने में तेज दर्द या सांस लेने में गंभीर परेशानी वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर स्थित उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाता है.
