महासमुंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सरायपाली पुलिस ने नकली होलोग्राम और छत्तीसगढ़ स्टेट के फर्जी लेबल वाली शराब की तस्करी के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में कुल 3,229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 22,15,120 रुपये बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क महासमुंद, सारंगढ़, रायगढ़ और जांजगीर के अलग-अलग इलाकों तक फैला था. डस्टर कार से 25 पेटियों में रखी 1,192 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब मिली. इसकी मात्रा 214 लीटर 560 मिलीलीटर और कीमत करीब 1,43,040 रुपये बताई गई. एक कंटेनर ट्रक की तलाशी में 345 पेटियों से 2,980 लीटर 800 मिलीलीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 19,87,200 रुपये आंकी गई.
इसके अलावा अमित पटेल के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 46 बोतलें मिलीं. इनमें 34 लीटर 500 मिलीलीटर शराब थी. पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल डस्टर कार, कंटेनर ट्रक, क्रेटा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 50,30,120 रुपये बताई गई है.
जांच में नकली लेबल और होलोग्राम का खुलासा
शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल संदिग्ध मिलने के बाद आबकारी विभाग से जांच कराई गई. पुलिस के अनुसार, जांच में इनके नकली होने की पुष्टि हुई. इसके बाद फर्जीवाड़े और संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं. पुलिस का दावा है कि नेटवर्क में नकली होलोग्राम, लेबल और बोतलों के साथ शराब की सप्लाई भी शामिल थी.
मामले में राजेश पटेल, अजित पटेल, अमित पटेल, विनय सिंह ठाकुर, धीरज आहूजा, आयुस महापात्र और स्वरूप सिंह सलूजा को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, धीरज आहूजा को हरियाणा से पकड़ा गया और वह नकली सामग्री तथा शराब के कंटेनर उपलब्ध कराने से जुड़ा था.
सरायपाली थाने में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धाराओं 34(2), 59(क) और BNS की धाराओं 111(2), 338, 336(3), 340(4) में कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब नकली होलोग्राम तैयार होने की जगह, शराब के स्रोत और सप्लाई के अन्य इलाकों का पता लगाने में जुटी है.
