महासमुंद के इमलीभाठा वार्ड क्रमांक 10 में रविवार दोपहर डीके फ्रिज-एसी रिपेयरिंग सेंटर में आग लग गई. घटना के समय दुकान बंद थी. आग से दुकान में रखे फ्रिज, एसी रिपेयरिंग उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जल गई. नुकसान का अनुमान लाखों रुपये में लगाया जा रहा है, हालांकि वास्तविक आकलन अभी किया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, आग करीब दोपहर 12 बजे लगी. आग तेजी से फैलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दी. दुकान संचालक का नाम धनेश निषाद बताया गया है. दुकान बंद होने के कारण शटर का ताला तोड़कर अंदर पहुंचने और आग बुझाने की कोशिश की गई. नगर पालिका के टैंकर से भी पानी डाला गया.
संकरे रास्ते से दमकल वाहन पहुंचने में परेशानी
इमलीभाठा की ओर जाने वाला रास्ता संकरा होने के कारण बड़ी दमकल गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी. इसके बाद छोटे दमकल वाहन से आग बुझाने का काम शुरू किया गया. पानी की क्षमता कम होने के कारण वाहन को पानी भरने के लिए तीन बार चक्कर लगाना पड़ा.
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पार्षद पति पप्पू ठाकुर, राहुल चंद्राकर और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में मदद की. लगातार प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.
