महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड स्थित ग्राम गड़बेड़ा की पारंपरिक रामलीला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है. उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के अंतर्गत संचालित अयोध्या शोध संस्थान द्वारा प्रकाशित ‘ग्लोबल इनसाइक्लोपीडिया ऑफ द रामायण’ में गड़बेड़ा की रामलीला समिति का विशेष उल्लेख किया गया है. यह संदर्भ ‘राम वनगमन पथ की रामलीला संदर्भ छत्तीसगढ़’ से जुड़ा है.
इस रामलीला की खासियत इसका ठेठ छत्तीसगढ़ी स्वरूप है. प्रस्तुति में स्थानीय बोली और आंचलिक शैली के साथ पारंपरिक दोहों और चौपाइयों का इस्तेमाल किया जाता है. इसके संवादों में शेरो-शायरी का मेल भी देखने को मिलता है, जो इसे क्षेत्र की अन्य रामलीला प्रस्तुतियों से अलग पहचान देता है.
वरिष्ठ रंगकर्मी प्रीतराम सूर्ये के निर्देशन और संवाद लेखन में यह आयोजन तैयार किया जाता है. राष्ट्रीय पुस्तक में उल्लेख होने के बाद स्थानीय कलाकारों और क्षेत्रवासियों में उत्साह है.
इस वर्ष शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी के अवसर पर भी गड़बेड़ा में रामलीला का मंचन किया जाएगा. स्थानीय युवा कलाकार शीतला मंदिर परिसर स्थित सामुदायिक भवन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं. कलाकार भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान के पात्रों को छत्तीसगढ़ी संवाद शैली में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहे हैं.
विजयादशमी की शाम मुख्य रामलीला मंचन के बाद आतिशबाजी के साथ 30 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा. इसके बाद रात में रायपुर का लोक कला मंच ‘नवा अंजोर’ छत्तीसगढ़ी संस्कृति, गीत और नृत्य पर आधारित प्रस्तुतियां देगा. आयोजन में ग्राम पंचायत, सरपंच बूंदाबाई नायक, रामलीला समिति और ग्राम विकास समिति के सदस्य सहयोग कर रहे हैं.
