महासमुंद पुलिस ने छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन निश्चय के तहत नौ महीनों में करीब 50 करोड़ रुपये कीमत का 10 हजार किलो गांजा जब्त करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, इस अवधि में 177 मामले दर्ज कर 501 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई 1 जनवरी से 18 अक्टूबर 2026 के बीच की गई.

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में 289 कथित परिवहनकर्ता शामिल हैं. 70 फरार आरोपियों की तलाश जारी है. जांच में तस्करी के नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया गया. पुलिस का कहना है कि बैकवर्ड लिंकेज के तहत ओडिशा से 145 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि फॉरवर्ड लिंकेज में 67 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई.

गिरफ्तार आरोपियों में 162 ओडिशा, 138 छत्तीसगढ़, 103 महाराष्ट्र, 73 मध्य प्रदेश और 54 उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, गांजे की खेप ओडिशा से महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा तक पहुंचाई जा रही थी.

तस्करी में इस्तेमाल किए गए करीब 10 करोड़ रुपये कीमत के वाहनों को भी जब्त करने की जानकारी दी गई है. इनमें बस, ट्रक, पिकअप, एंबुलेंस और कोरियर सेवा के वाहन शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी फलों के नीचे, कंटेनर के चेंबर, एंबुलेंस, सब्जी वाहनों और पैकर्स एंड मूवर्स के सामान के बीच गांजा छिपाकर ले जाते थे.

महासमुंद पुलिस ने कहा है कि कार्रवाई केवल तस्करों और परिवहनकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगी. अवैध कमाई से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.