महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक मामले में कथित मुख्य रिसीवर गुड्डू तिवारी उर्फ राम मिलन तिवारी को उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित महाराजपुर से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई.

यह मामला महासमुंद जिले के बसना थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 38/2026 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, 18 जनवरी 2026 को पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल से 21.620 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था. इस मामले में ओडिशा के मलकानगिरी निवासी उत्तम दास को कथित कैरियर के रूप में गिरफ्तार किया गया था.

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांजा ओडिशा के बालीगुड़ा निवासी शिबा बींधानी उर्फ शिबू से मिलने की जानकारी सामने आई. कथित सप्लायर शिबा को 20 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था.

इसके बाद साइबर सेल और कॉल डिटेल समेत तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुड्डू तिवारी की पहचान की गई. पुलिस के अनुसार, वह प्रयागराज के टेंगाई चौराहा क्षेत्र में फास्ट-फूड की दुकान चलाता था और उसका स्थायी पता कौशांबी बताया गया है.

मामले में गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत करीब 11.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.