छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्य प्रदेश के शहडोल जा रहे थे. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया.
बसना पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम को तस्करी की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने इलाके में नाकेबंदी की. पुलिस के मुताबिक, काले रंग की WagonR कार में सवार लोगों ने टीम को देखकर वाहन मोड़ दिया और विपरीत दिशा में तेज गति से भागने लगे.
पुलिस और ANTF ने पीछा किया. ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर कार रुकने के बाद उसमें सवार लोगों ने कथित तौर पर गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और भागने की कोशिश की. टीम ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि शिवा सिंह नाम का एक आरोपी जंगल की ओर भाग गया.
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़कर आग बुझाई. तलाशी के दौरान कार की डिक्की से तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां मिलीं. इनमें कुल 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत पुलिस ने 14,23,250 रुपये बताई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र निवासी सुलभ सिंह परिहार (29) और सागर कुशवाहा (25) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदने और उसे शहडोल ले जाने की बात बताई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है.
