छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी ने महासमुंद और गरियाबंद जिले में बकायादारों तथा विच्छेदित बिजली कनेक्शनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान 187 परिसरों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 96 स्थानों पर अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई.
जांच के लिए कुल 27 दल गठित किए गए थे. इन दलों में करीब 55 सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं के साथ विद्युत लाइन कर्मचारी शामिल रहे. कार्रवाई का मुख्य फोकस उन परिसरों पर था, जहां बकाया राशि के कारण स्मार्ट मीटर को रिमोट प्रणाली से या लाइन काटकर कनेक्शन विच्छेदित किया गया था.
कंपनी के अनुसार, कुछ उपभोक्ताओं ने कनेक्शन कटने के बाद मीटर को बायपास कर बिजली का इस्तेमाल किया. वहीं, कुछ स्थानों पर एलटी लाइन से सीधे तार जोड़कर हुकिंग की गई थी. अधिकारियों ने मौके पर अनियमितताओं का पंचनामा तैयार किया और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए.
मामलों में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 और 138 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है. विशेष न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.
अभियान के दौरान कुछ घरेलू बीपीएल और कृषि पंप उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत बकाया निपटारे के लिए पंजीयन कराया. कुछ उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बिल जमा किया. कंपनी ने अपील की है कि कटे हुए कनेक्शन खुद न जोड़ें और बिजली चोरी के साधनों का इस्तेमाल न करें. विभाग के अनुसार, जांच अभियान 31 मार्च तक जारी रहेगा.
