महासमुंद में पुलिस ने मानव तस्करी और कथित बंधुआ मजदूरी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 1 करोड़ 48 लाख 54 हजार 750 रुपये नकद बरामद हुए हैं. मामले में मुकेश चंद्राकर, लता सवर, नंदू मोहंती, पीयूष अग्रवाल और मनीष गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस मुकेश चंद्राकर को नेटवर्क का मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड बता रही है.
पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क की कड़ियां छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा और अन्य राज्यों तक जुड़ी होने की आशंका है. आरोप है कि इससे जुड़े लोग आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और मजदूरों को एडवांस रकम देकर उन्हें दूसरे राज्यों में ईंट भट्ठों और अन्य कामों के लिए भेजते थे. जांच में कुछ मजदूरों से दबाव और धमकी के बीच काम कराने तथा उनकी आवाजाही नियंत्रित करने की बात सामने आने का दावा किया गया है.
अस्पताल के मेमो से शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, जांच 21 सितंबर 2026 को सरकारी अस्पताल से मिले एक मेमो के बाद शुरू हुई. मेमो में एक नाबालिग के शारीरिक शोषण और गर्भवती होने की जानकारी सामने आई थी. इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध लोगों और ठिकानों की गतिविधियों की जांच की. इसी दौरान मानव तस्करी, कथित बंधुआ मजदूरी और संगठित मजदूर पलायन से जुड़े नेटवर्क के बारे में सुराग मिलने की बात कही गई.
छापेमारी के दौरान मजदूरों के पलायन से जुड़े रजिस्टर और डायरियां, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मॉर्गेज से जुड़े दस्तावेज और नोट गिनने की मशीन जब्त की गई. पुलिस इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कथित आर्थिक लेन-देन तथा अलग-अलग राज्यों में मजदूरों की आवाजाही की जांच कर रही है.
नाबालिगों और महिलाओं के शोषण की भी जांच
पुलिस ने कहा है कि मामले में नाबालिगों की तस्करी, बाल मजदूरी और महिलाओं व नाबालिग बालिकाओं के कथित शोषण के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने मजदूरों को दूसरे राज्यों में भेजा गया.
मामले में खल्लारी थाने में अपराध क्रमांक 104/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने BNS की धारा 143(2), 143(3), 143(4), 3(5) और संगठित अपराध से जुड़ी धारा 111 के तहत कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, दस्तावेजों और मोबाइल फोन की जांच के बाद अन्य संदिग्धों की भूमिका सामने आने पर आगे गिरफ्तारी हो सकती है.
