महासमुंद पुलिस ने मानव तस्करी और श्रमिकों के अवैध परिवहन से जुड़े एक कथित संगठित नेटवर्क के खिलाफ छत्तीसगढ़ और ओडिशा में करीब 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 1.40 करोड़ रुपये नकद, बड़ी संख्या में दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं.

तलाशी में ‘भट्ठा सरदार’ के नाम से चर्चित जगत गुप्ता उर्फ जगत कुमार गुप्ता के ग्राम बाम्हनडीह स्थित घर के अलावा महासमुंद के खरियार रोड निवासी लता संवर और ओडिशा के बेलटुकरी निवासी मुकेश चंद्राकर के ठिकानों को भी शामिल किया गया.

पुलिस को किन मामलों से जुड़े साक्ष्य मिले

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में प्रलोभन देकर मानव तस्करी, नाबालिगों को काम के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे दूसरे राज्यों में ले जाने, बाल मजदूरी तथा नाबालिग बालिकाओं के दैहिक शोषण से जुड़े साक्ष्य मिले हैं. तलाशी के दौरान हजारों बालिग और नाबालिग श्रमिकों के कथित अवैध परिवहन तथा बंधुआ मजदूरी से संबंधित दस्तावेज और डिजिटल प्रमाण मिलने की बात भी कही गई है.

पुलिस की अलग-अलग टीमें अभी ठिकानों पर तलाशी और पूछताछ कर रही हैं. जांच में जगत गुप्ता, लता संवर और मुकेश चंद्राकर समेत अन्य लोगों के संपर्कों तथा श्रमिकों को दूसरे राज्यों में भेजे जाने से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है.

पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष पटेवा थाना क्षेत्र में श्रमिक शत्रुघन खड़िया की आत्महत्या के मामले में जगत कुमार गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई थी. पुलिस का कहना है कि मृतक ने ईंट-भट्ठे में काम करने और दूसरे राज्य जाने के लिए दबाव तथा धमकी का आरोप लगाया था.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक ने बताया कि कार्रवाई पूरी होने के बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मामले की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. अभी तक आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष या अदालत का निर्णय सामने नहीं आया है.