छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार विचाराधीन बंदी सोमवार तड़के फरार हो गए. अधिकारियों के अनुसार, घटना बेमचा क्षेत्र स्थित जेल में सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई. चारों बंदी बैरक नंबर 5 में बंद थे और जेल की चारदीवारी फांदकर बाहर निकल गए.
फरार बंदियों की पहचान पंचराम निषाद, राजेंद्र राज चौधरी, धर्मवीर योगी और लीलाधर पाल के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि पंचराम निषाद चोरी के मामले में बंद था, जबकि राजेंद्र राज चौधरी, धर्मवीर योगी और लीलाधर पाल पर मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में मुकदमे चल रहे हैं.
जेल प्रशासन की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया. जिले के सभी पुलिस थानों को अलर्ट किया गया है और संभावित मार्गों पर चेक-पोस्ट लगाए गए हैं. पुलिस अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जबकि जेल के अंदर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है. इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि बंदी सुरक्षा व्यवस्था को पार कर चारदीवारी तक कैसे पहुंचे.
अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है. इससे पहले मई 2021 में भी इसी जेल से पांच कैदियों के दीवार फांदकर फरार होने की घटना सामने आई थी.
