छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में देर रात एक तेंदुआ घर में घुस गया और परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. घटना बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी की है. घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

घटना रात करीब डेढ़ बजे हुई. परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे. इसी दौरान उत्तरी बाई बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं और उनका सामना तेंदुए से हो गया. तेंदुए ने पहले उन पर हमला किया और फिर घर के अंदर घुसकर वहां मौजूद अन्य लोगों को भी घायल कर दिया.

घायलों की पहचान सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव के रूप में बताई गई है. उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है. सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई गई है, जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें बताई गई हैं.

हमले के दौरान परिवार के सदस्यों ने तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया. बताया गया है कि उस समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे.

घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजे जाने की जानकारी है.

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तेंदुआ अभी घर के एक कमरे में बंद है और वन विभाग उसका रेस्क्यू करने में जुटा है.