महासमुंद जिले के झिटकी गांव में देर रात एक तेंदुआ घर में घुस गया और यादव परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर दिया. घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है. हमले के बाद परिवार के लोगों ने तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया.
घटना रात करीब 1:30 बजे हुई. 55 वर्षीय उत्तरी बाई बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं. इसी दौरान वहां मौजूद तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया. उत्तरी बाई के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. इसी बीच तेंदुआ घर के भीतर दाखिल हो गया.
घर के अंदर तेंदुए ने 60 वर्षीय सरजु यादव, 36 वर्षीय जनक यादव, 18 वर्षीय मनीष यादव, 14 वर्षीय कषार यादव और 32 वर्षीय सुनीता यादव पर भी हमला किया. चीख-पुकार के बीच परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में कैद कर दिया और दरवाजा बाहर से बंद कर दिया.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वन अमले ने ग्रामीणों को घर से दूर रहने की हिदायत दी और कमरे के आसपास निगरानी बढ़ा दी.
सभी छह घायलों को आपातकालीन सेवा 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बागबाहरा ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया. वहां तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया.
वन विभाग ने तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए रायपुर से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है. टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू कार्रवाई शुरू की जाएगी.
