महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 560 किलोग्राम गांजा जब्त करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत करीब 2.80 करोड़ रुपये है. मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई थी. इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर माजदा Pro 3015 ट्रक को रोका गया. वाहन की तलाशी लेने पर कैरेट के नीचे 16 बोरियों में गांजा मिला.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय रविंद्र पवार (30), निवासी सोनबरक्षी, थाना एरंडोल, जिला जलगांव, और स्वराज महाजन (25), निवासी कसोदा आडगांव, थाना कासोदा, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में बताई है. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर गांजा ओडिशा के बरमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव ले जाने की जानकारी दी.

कार्रवाई में गांजे के अलावा कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया ट्रक, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है, और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री का कुल मूल्य 2,95,08,000 रुपये है.

दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है. बरामदगी और आरोपियों से जुड़ी आगे की जानकारी विवेचना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.