महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित मुड़ीडीह शासकीय प्राथमिक स्कूल में रस्सी के झूले से हुए हादसे में चौथी कक्षा के छात्र तरुण चौहान (10) की मौत हो गई. हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तरुण स्कूल का समय शुरू होने से पहले परिसर में पहुंचा था. स्कूल परिसर में एक पेड़ से रस्सी बंधी थी, जिस पर बच्चे झूला झूलते और कभी-कभी उल्टा लटककर भी खेलते थे. खेलते समय तरुण का गला रस्सी में फंस गया.
स्कूल परिसर में कोई जिम्मेदार मौजूद नहीं था
कुछ महिलाओं ने बच्चे को रस्सी से लटका देखा. उन्होंने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. भंवरपुर चौकी प्रभारी अनंजना चंद्रा के अनुसार, घटना के समय स्कूल में कोई शिक्षक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था.
सूचना मिलने पर भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम किया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने स्कूल के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई जांच में दोनों शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई.
हादसे के बाद छात्र के परिवार में मातम है.
