छत्तीसगढ़ के मैनपाट में वन विभाग की फेंसिंग में लगाए गए करीब 300 लोहे के एंगल चोरी हो गए. यह चोरी रोपाखार और नागाडांड़ क्षेत्र में दो से तीन दिनों के भीतर हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर रात के समय कटर से एंगल काटकर ले गए, जबकि फेंसिंग का वायर मौके पर ही छोड़ दिया गया.
वन कर्मचारियों को गश्त के दौरान एंगल गायब मिले. इसके बाद मैनपाट वन विभाग ने पुलिस की मदद से जांच शुरू की. जांच के दौरान चोरी किए गए कुछ एंगल रोपाखार निवासी अजीत गुप्ता के यहां पहुंचाए जाने की जानकारी मिली.
रविवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अजीत गुप्ता के घर और बाड़ी में कार्रवाई की. टीम ने वहां से चोरी के 31 लोहे के एंगल बरामद किए. शेष करीब 270 एंगल का अभी पता नहीं चल सका है.
मैनपाट रेंजर प्रशांत के अनुसार, बड़ी संख्या में एंगल काटकर उन्हें रातों-रात ले जाने से संगठित गिरोह के शामिल होने का संदेह है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और चोरी की सामग्री कहां खपाई गई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.
वन विभाग ने चोरी के संबंध में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस बरामदगी के साथ-साथ अन्य संदिग्ध आरोपितों की तलाश और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
