गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रात के समय यातायात प्रतिबंध के बीच एक यात्री महिला को खुले मैदान में बच्चे को जन्म देना पड़ा. घटना मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे की बताई गई है. महिला रायपुर से देवभोग जा रही यात्री बस में सवार थीं.
महिला की पहचान ग्राम रसैला, तहसील मैनपुर निवासी संतोषी सोरी के रूप में हुई है. तौरेंगा और इंदागांव बैरियर के बीच बस कई घंटे से खड़ी थी. इसी दौरान संतोषी सोरी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. बैरियर के पास अंधेरे में ही यात्रियों और बस परिचालक की मदद से उनका प्रसव कराया गया.
बस में मौजूद लोगों ने तत्काल महतारी एक्सप्रेस को सूचना दी. एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने के बाद जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मैनपुर ले जाया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार दोनों सुरक्षित हैं.
रात 7 बजे से सुबह 6 बजे तक आवागमन बंद
वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए रिजर्व क्षेत्र में रात 7 बजे से सुबह 6 बजे तक आवागमन बंद रहता है. इस वजह से बस को रास्ते में रुकना पड़ा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस 11 घंटे की अवधि में यात्रियों के लिए पानी, भोजन, शौचालय, रोशनी और तत्काल चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. अमलीपदर, मैनपुर और देवभोग क्षेत्र के ग्रामीण इस मार्ग से बसों में आवागमन करते हैं.
घटना के बाद लोगों ने तौरेंगा और इंदागांव बैरियर पर 24 घंटे एंबुलेंस, आपातकालीन चिकित्सा दल और सुरक्षित प्रतीक्षालय की मांग की है. उन्होंने वन्यजीवों की आवाजाही से जुड़े वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर प्रतिबंध की अवधि की समीक्षा करने की बात भी कही है.
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपसंचालक कर्णध्वज जैन ने बताया कि यात्री बसों को आपातकालीन सेवाओं के दायरे में शामिल करने के लिए पत्राचार किया जाएगा. जर्जर यात्री प्रतीक्षालयों की मरम्मत और उन्हें सुविधाजनक बनाने पर भी विचार किया जा रहा है.
