बिलासपुर जिले के मल्हार में बुधवार शाम कुएं में गिरने से 52 वर्षीय ग्रामीण ईश्वर यादव की मौत हो गई. घटना मेला चौक स्थित कनकन कुएं की है. ईश्वर यादव मल्हार के वार्ड क्रमांक 12 के नईयापारा निवासी बताए गए हैं.

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे ईश्वर यादव अपने एक साथी के साथ कुएं के पास बैठे थे. इसी दौरान वे अचानक कुएं में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने घटना की सूचना मल्हार पुलिस को दी.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश शुरू की गई. काफी मशक्कत के बाद ईश्वर यादव को गहरे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को मस्तूरी स्थित मर्च्यूरी भेज दिया.

गिरने की परिस्थितियों की जांच

मल्हार पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि ईश्वर यादव कुएं में किन परिस्थितियों में गिरे. शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.